Home वेब स्टोरीजपरिषदीय स्कूलों में “नारी शक्ति वंदन” अभियान शुरू, पहले दिन बालिकाओं के अभिभावकों का सम्मान

परिषदीय स्कूलों में “नारी शक्ति वंदन” अभियान शुरू, पहले दिन बालिकाओं के अभिभावकों का सम्मान

by Real Khabren
0 comments
परिषदीय स्कूलों में “नारी शक्ति वंदन”

प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से परिषदीय विद्यालयों में “नारी शक्ति वंदन” अभियान की शुरुआत हो गई है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के निर्देशन में शुरू इस अभियान के तहत गुरुवार से प्रदेशभर के परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


अभियान का मकसद महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाना, उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त बनाना और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है। पहले दिन “नारी शक्ति सम्मान” कार्यक्रम के तहत उन बालिकाओं के अभिभावकों को सम्मानित किया गया, जिनकी उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक रही। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं और महिला शिक्षकों ने “नारी शक्ति” की मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर भी महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा मिला। मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि यह अभियान बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में अहम कदम है और योगी सरकार शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के तहत 17 अप्रैल को आत्मरक्षा प्रदर्शन, समाज सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एनसीसी और स्काउट-गाइड की छात्राएं हिस्सा लेंगी। वहीं 20 अप्रैल को वाद-विवाद, निबंध, कविता और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें “विकसित भारत में नारी की भूमिका” और “सशक्त नारी-समृद्ध भारत” जैसे विषयों पर छात्राएं अपने विचार रखेंगी।
सरकार ने सभी मंडलीय और जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं, अभिभावक और समाज के लोग इसमें शामिल होकर नारी सम्मान और समानता का संदेश आगे बढ़ा सकें।

You may also like

Leave a Comment