उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामिया बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश विशाल भारद्वाज के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय विशाल भारद्वाज अपने चार साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के हुसेनाबाद गांव के पास पोखरे के समीप घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल भारद्वाज घायल हो गया, जबकि उसके चारों साथियों को भी पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुखपुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।