मुंबई: मुंबई महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक सफलता पर मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे मुंबईकरों की सेवा के एक नए विकास पर्व की शुरुआत बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों ठाकरे गुटों की कुल सीटों से ज्यादा सीटें अकेले बीजेपी को देकर मुंबई की जनता ने विकास पर अपनी मुहर लगाई है।
आशीष शेलार ने कहा कि उबाठा और मनसे ने मिलकर जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा, उससे कम सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद बीजेपी ने दोनों पार्टियों से अधिक सीटें जीतकर यह साफ कर दिया है कि मुंबईकरों ने विकास को चुना है। यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों के पक्ष में है।

उन्होंने मुंबई की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी और महायुती को मिला यह आशीर्वाद हम अत्यंत विनम्रता से स्वीकार करते हैं। यह जीत हमारे लिए सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का एक नया अवसर है।
शेलार ने कहा कि मुंबई का सर्वांगीण विकास ही बीजेपी और मुंबईकरों का साझा लक्ष्य है। अब एक नए, दमदार और रफ्तार वाले विकास युग की शुरुआत हो रही है, जिसके लिए बीजेपी पूरी ताकत से काम करेगी। उन्होंने कहा, “हम न रुकेंगे, न थकेंगे और न ही मुंबईकरों की सेवा से पीछे हटेंगे। यह एक नम्र सेवक का वचन है।”

अपने बयान में आशीष शेलार ने प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई अध्यक्ष अमित साटम सहित सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई भी दी।