मुंबई:बृहन्मुंबई महानगरपालिका में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर मुंबईकरों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का ऐलान किया है। महानगरपालिका में कांग्रेस के गुटनेता अशरफ आज़मी के नेतृत्व में नवनिर्वाचित नगरसेवकों और पदाधिकारियों ने आज बीएमसी स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय की निरीक्षण के बाद आधिकारिक रूप से उसका ताबा लिया।
इस मौके पर अशरफ आज़मी ने कहा कि कार्यालय को लेकर वास्तुदोष का हवाला देकर शिंदे सेना द्वारा इनकार किया गया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी के लिए दिशा नहीं, बल्कि विकास की दिशा महत्वपूर्ण है। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा वास्तु मुंबईकरों का विश्वास और उनका हित है।
अशरफ आज़मी ने बीएमसी में पिछले चार वर्षों से चले आ रहे प्रशासक राज पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस दौरान भाजपा महायुती ने मुंबईकरों के पैसों पर डाका डाला। विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ और आम मुंबईकरों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासक राज के दौरान बीएमसी की करीब 90 हजार करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि पर भी डल्ला मारा गया है। इस पूरे मामले की पारदर्शिता के लिए प्रशासन को तुरंत श्वेतपत्र जारी करना चाहिए, ताकि मुंबईकरों को सच्चाई पता चल सके।
कांग्रेस गुटनेता ने साफ किया कि महापालिका में कांग्रेस के नगरसेवक भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बेस्ट सेवाएं, पीने का पानी, प्रदूषण जैसे अहम मुद्दों पर सदन में आवाज उठाएंगे और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस गुटनेता अशरफ आज़मी के साथ नगरसेवक न्यानराज निकम, रुकसाना पारेख, मेहर मोहसीन हैदर, मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता एवं मीडिया समन्वयक सुरेशचंद्र राजहंस, पूर्व नगरसेवक बब्बू खान, जावेद जुनेजा, मोहसीन हैदर समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।