Home स्पोर्ट्सक्रिकेटसुपर-8 में भारत की 72 रन से बड़ी जीत, जिम्बाब्वे पर 256 रनों का कहर… सेमीफाइनल के लिए अब विंडीज से होगी निर्णायक भिड़ंत

सुपर-8 में भारत की 72 रन से बड़ी जीत, जिम्बाब्वे पर 256 रनों का कहर… सेमीफाइनल के लिए अब विंडीज से होगी निर्णायक भिड़ंत

by Suhani Sharma
0 comments

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है। चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।


टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत मजबूत रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। संजू 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी जारी रखी। उन्होंने 30 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने 26 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
ईशान किशन ने 38 रनों का अहम योगदान दिया, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 13 गेंदों पर 33 रन ठोककर पारी को विस्फोटक अंदाज़ में आगे बढ़ाया। भारतीय बल्लेबाज़ों की सामूहिक आक्रामकता के दम पर टीम 256 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंची।

257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक रही, लेकिन रनगति अपेक्षाकृत धीमी रही। ब्रायन बेनेट और तादिवानाशे मारुमनी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। इसके बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके। सिकंदर रजा ने 31 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।


ब्रायन बेनेट अंत तक क्रीज पर डटे रहे और 59 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल रहे। हालांकि अन्य बल्लेबाज़ों के लगातार आउट होने से जिम्बाब्वे 6 विकेट पर 184 रन ही बना सका और भारत ने 72 रन से मुकाबला जीत लिया।
इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बनाए रखा है। अब 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा। इस मैच में जीत भारत को अंतिम चार में पहुंचा सकती है।
वहीं इस नतीजे के बाद जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुका है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने अपनी जगह पक्की कर ली है।

You may also like

Leave a Comment