
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश): पीलीभीत के आसाम हाईवे पर सकरिया तिराहे के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, गजरौला थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी बब्लू शाहगढ़ की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान पीलीभीत की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का पहिया युवक के पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि घायल का इलाज जारी है।