मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा महायुति और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने दावा किया है कि बीएमसी चुनाव में अंततः कांग्रेस ही विजयी होगी और मुंबईकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे।
मुंबई में मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि भाजपा महायुति ने चुनाव में बड़े पैमाने पर भ्रष्ट तरीकों का इस्तेमाल किया।
जगह-जगह पैसों का वितरण किया गया, मिक्सर जैसी वस्तुएं बांटी गईं, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही कार्रवाई की गई, जो साफ तौर पर सत्ता के दुरुपयोग को दर्शाता है।

वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मुंबई के नागरिकों को स्वच्छ हवा, शुद्ध पेयजल, ट्रैफिक जाम से राहत, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहिए। साथ ही बीएमसी में फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाना मुंबईकरों की प्राथमिकता है। भाजपा महायुति के भ्रष्ट और विवादास्पद शासन से मुंबई की जनता परेशान हो चुकी है और अब विकास चाहती है। इसी वजह से कांग्रेस गठबंधन को मुंबईकरों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और कांग्रेस बीएमसी में मैजिक फिगर पार करेगी।
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की समस्या आखिरी समय तक दूर नहीं की गई। इसके अलावा ‘पाडू मशीन’ के इस्तेमाल को लेकर आयोग ने राजनीतिक दलों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। मतदान के बाद मतदाताओं की उंगली पर लगाई गई स्याही आसानी से मिट जाने की कई शिकायतें सामने आईं, लेकिन चुनाव आयोग ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सांसद वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि इस तरह की लापरवाही और सत्ता के दबाव में कराए जा रहे चुनाव लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महायुति द्वारा सत्ता का दुरुपयोग और चुनाव आयोग की निष्क्रियता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है, लेकिन इसके बावजूद मुंबई की जनता सच्चाई को समझ रही है और कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।