उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने पूरे सदन का माहौल बदल दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्तियों में आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा के दौरान हंगामा बढ़ा और स्थिति उस वक्त असामान्य हो गई, जब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना नाराज़ हो गए।
दरअसल, समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्तियों में आरक्षण और अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने को लेकर सवाल उठाया। इस पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना जवाब दे रहे थे।
जवाब के दौरान डॉ. सोनकर द्वारा कथित टिप्पणी किए जाने पर स्पीकर ने उन्हें बैठकर जवाब सुनने की हिदायत दी। इसी बीच सत्ता पक्ष की ओर से विधायक केतकी सिंह और अन्य सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ते शोर-शराबे से नाराज़ विधानसभा अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में कहा कि सदन चलाना उनकी जिम्मेदारी है, न कि सदस्यों की। माहौल शांत न होता देख स्पीकर सतीश महाना ने अपना हेडफोन उतारकर फेंक दिया और सदन से बाहर चले गए।
स्पीकर के इस कदम के बाद सदन में अचानक सन्नाटा छा गया। कुछ देर के लिए कार्यवाही बाधित रही। इस पूरे घटनाक्रम ने विधानसभा की कार्यवाही और सदन की मर्यादा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।