साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Vijay Deverakonda और Rashmika Mandanna अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 26 फरवरी 2026 को दोनों उदयपुर में एक निजी समारोह में सात फेरे लेंगे। शादी से पहले कपल राजस्थान पहुंच चुका है और प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि शादी उदयपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरावली की खूबसूरत पहाड़ियों में स्थित लग्ज़री होटल ITC Hotels The Mementos Udaipur में होगी। यह समारोह बेहद निजी रखा गया है, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल होंगे।

शादी से पहले रश्मिका मंदाना ने अपने दोस्तों के लिए एक खास प्राइवेट जापानी डिनर होस्ट किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर खूबसूरती से सजी डिनर टेबल की तस्वीर साझा की, जिसमें सुनहरी रोशनी, पिंक लिली, हरे हाइड्रेंजिया, सेब और अंगूरों से सजी सजावट नजर आई। टेबल पर रखा स्पेशल मेन्यू कार्ड जापानी व्यंजनों की ओर इशारा कर रहा था। सबसे खास बात थी ‘VIROSH’ लिखा हुआ नैपकिन, जो विजय और रश्मिका के नामों को मिलाकर बनाया गया है।
वहीं विजय देवरकोंडा भी अपने दोस्तों के साथ पूल में वॉलीबॉल खेलते नजर आए। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें पूल वॉलीबॉल का जोश साफ दिखाई दे रहा था।

गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में दोनों की सगाई को लेकर अटकलें तेज हुई थीं। अब दोनों ने शादी की आधिकारिक घोषणा कर दी है और उदयपुर में होने वाली इस रॉयल वेडिंग को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
अरावली की वादियों में होने जा रही इस हाई-प्रोफाइल शादी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।