होली का त्योहार नजदीक आते ही “होली रे होली, पुरण की पोली” की गूंज सुनाई देने लगती है। इस बार मुंबईकरों के लिए होली और भी खास होने वाली है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त महिला बचत समूहों की ओर से ‘पुरणपोली महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत पारंपरिक पुरणपोली होली के दिन सीधे घर तक पहुंचाई जाएगी।
यह महोत्सव 26 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इच्छुक नागरिक https://shgeshop.com� वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन ऑर्डर दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन नोंदणी करने के बाद होली के अवसर पर 3 मार्च 2026 को ग्राहकों को घरपोच पुरणपोली उपलब्ध कराई जाएगी।
मुंबई की जरूरतमंद और मेहनती महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महानगरपालिका की आर्थिक सहायता से महिला बचत समूहों का गठन किया गया है। इन समूहों को नियमित गतिविधियों के अलावा नवाचार और व्यवसायिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका निरंतर प्रयासरत है।

पिछले वर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर भी इन महिला समूहों द्वारा पुरणपोली महोत्सव का सफल आयोजन किया गया था, जिसे मुंबईकरों का शानदार प्रतिसाद मिला था। इसके बाद सार्वजनिक गणेशोत्सव 2025 के दौरान ‘मोदक महोत्सव 2025’ का आयोजन भी किया गया था। उसी कड़ी में अब दोबारा होली के अवसर पर पुरणपोली महोत्सव का आयोजन किया गया है।
होली के दिन पारंपरिक पुरणपोली की मांग को ध्यान में रखते हुए इस विशेष उपक्रम की शुरुआत की गई है। महिला बचत समूहों द्वारा तैयार की गई पारंपरिक और स्वादिष्ट पुरणपोली पाने के लिए नागरिकों को 26 फरवरी से 1 मार्च 2026 के बीच ऑनलाइन ऑर्डर करना अनिवार्य है।

संचालक (नियोजन) डॉ. (श्रीमती) प्राची जांभेकर ने जानकारी दी है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद होली के दिन, मंगलवार 3 मार्च 2026 को संबंधित ग्राहकों को उनके घर तक पुरणपोली पहुंचाई जाएगी।
इस पहल से जहां मुंबईकरों को घर बैठे त्योहार का पारंपरिक स्वाद मिलेगा, वहीं महिला बचत समूहों को भी आर्थिक मजबूती और रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।