उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बस्ती में करीब 20 लाख रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के सख्त निर्देश और एडिशनल एसपी श्यामकांत की मॉनिटरिंग में लालगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस बड़ी वारदात का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान SHO लालगंज संजय कुमार, स्वाट टीम प्रभारी और सर्विलांस सेल प्रभारी शेषनाथ यादव की टीम ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निगम निवासी ग्राम तिहास थाना कलवारी और प्रशांत पाल निवासी ग्राम तेनुआ थाना लालगंज के रूप में हुई है। वहीं एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो और आइक्यू जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं, 21 कीपैड मोबाइल, चोरी की टीवीएस राइडर बाइक, पांच साड़ियां और नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पकड़डाड चौराहे पर स्थित ‘गूगल मोबाइल शॉप’ का ताला तोड़कर महंगे मोबाइल फोन चोरी किए थे। इतना ही नहीं, जांच में सामने आया है कि इन शातिर चोरों ने जिले में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनका एक साथ सफल अनावरण किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी अभिषेक निगम पर पहले से 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रशांत पाल पर तीन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एडिशनल एसपी श्यामकांत ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अनंत कुमार मिश्रा, एसआई देवव्रत शर्मा, कांस्टेबल अरविंद दुबे, विकास गौड़, अनिल यादव सहित स्वाट टीम और सर्विलांस सेल के जवानों की अहम भूमिका रही।
बस्ती पुलिस की इस तेजतर्रार कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अपराधियों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।