Home राज्यउत्तर प्रदेशबलिया में कथित डॉक्टरों की लापरवाही, मां समेत जुड़वा नवजात की मौत; अस्पताल में हंगामा, बाथरूम में मिले बच्चों के शव

बलिया में कथित डॉक्टरों की लापरवाही, मां समेत जुड़वा नवजात की मौत; अस्पताल में हंगामा, बाथरूम में मिले बच्चों के शव

0 comments

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी अस्पताल में कथित लापरवाही के चलते मां और उसके जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार दुबहड़ थाना क्षेत्र के रामपुर बोहा गांव निवासी सोनू यादव अपनी 27 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार को महिला जिला अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर अस्पताल के दलालों ने उन्हें जिला अस्पताल के पास स्थित जगदीशपुर के पूर्वांचल हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया।


परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान पहले जुड़वा नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इसके बाद प्रसूता रिंकू देवी की हालत भी गंभीर हो गई। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति बिगड़ने पर रिंकू देवी को मऊ स्थित फातिमा हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन शव लेकर दोबारा पूर्वांचल हॉस्पिटल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए नवजात शिशुओं के शवों को गायब कर दिया था।


काफी खोजबीन के बाद दोनों नवजात शिशुओं के शव अस्पताल के बाथरूम में लावारिस हालत में पड़े मिले, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों नवजातों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि संबंधित निजी अस्पताल लंबे समय से मानकों के विपरीत संचालित हो रहा था। फिलहाल परिजनों ने अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ हत्या और लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

You may also like

Leave a Comment