मुंबई से शिक्षा के क्षेत्र में एक बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC के शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाली वूलन मिल्स स्कूल ने ICSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। स्कूल के सभी 27 छात्र परीक्षा में सफल रहे हैं, जिनमें से 20 छात्रों ने विशेष प्रावीण्य यानी डिस्टिंक्शन के साथ सफलता प्राप्त की है।

इस शानदार प्रदर्शन में वीर खाटीकमारे ने 96.60 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं कुशल जैन ने 95.60 प्रतिशत, अंशिका राणा ने 93.80 प्रतिशत, रोनक परब ने 91.80 प्रतिशत, राज खाटीकमारे ने 91.60 प्रतिशत और ओम गुप्ता ने 90.80 प्रतिशत अंक हासिल कर 90 प्रतिशत से अधिक स्कोर करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अलावा कई अन्य छात्रों ने भी 80 और 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। कुल मिलाकर यह परिणाम न केवल छात्रों की मेहनत को दर्शाता है, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर मुंबई की महापौर रितू तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी, शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर, BMC आयुक्त अश्विनी भिडे समेत कई अधिकारियों ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है।
BMC की इस एकमात्र ICSE स्कूल का यह प्रदर्शन यह दिखाता है कि महानगरपालिका की शैक्षणिक पहलें अब बेहतर नतीजे देने लगी हैं और सरकारी स्कूल भी उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम कर रहे हैं।