Home देशबृहन्मुंबई महानगरपालिका बकरी ईद को लेकर अलर्ट, देवनार बूचड़खाने में सुरक्षा से लेकर सफाई तक व्यापक तैयारियां पूरी

बृहन्मुंबई महानगरपालिका बकरी ईद को लेकर अलर्ट, देवनार बूचड़खाने में सुरक्षा से लेकर सफाई तक व्यापक तैयारियां पूरी

by Kalpana Pandey
0 comments


बकरी ईद के मद्देनजर यहां सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पानी, पार्किंग, भोजन और पशु चिकित्सा जैसी तमाम सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बंदोबस्त और क्यूआर कोड आधारित जांच प्रणाली लागू की जाएगी ताकि पशुओं की आवाजाही और पंजीकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से हो सके।

मुंबई में आगामी बकरी ईद पर्व को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने देवनार पशुवधगृह में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 से 30 मई 2026 के बीच देवनार में भैंस और बकरों का विशेष बाजार लगाया जाएगा।


महानगरपालिका के अनुसार, धार्मिक पशुवध के लिए मुंबई में 109 स्थानों को अनुमति दी गई है। वहीं भैंस वर्गीय पशुओं का धार्मिक वध केवल देवनार पशुवधगृह में ही किया जा सकेगा। नागरिकों की सुविधा के लिए MyBMC मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन अनुमति और स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू की गई है।


देवनार परिसर में करीब 1 लाख 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में पशुओं के लिए अस्थायी और स्थायी शेड बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त पानी की आपूर्ति, 150 पानी की टंकियां, 10 पानी के स्टॉल और 2 स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।


स्वच्छता व्यवस्था के तहत 15 दिनों में करीब 7500 मीट्रिक टन कचरा हटाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए 215 सफाई कर्मचारियों के साथ जेसीबी, डंपर और विशेष वाहनों की तैनाती रहेगी। वहीं बकरी ईद के मुख्य दिनों में 600 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।


सुरक्षा के लिए देवनार क्षेत्र में 21 पुलिस चौकियां, 500 पुलिसकर्मी, 200 सुरक्षा रक्षक और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अग्निशमन दल की विशेष टीम, फायर इंजन और हजारों अग्निशामक उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे।


नागरिकों की शिकायतों और आपातकालीन सहायता के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष भी शुरू किया जाएगा, जिसके लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

You may also like

Leave a Comment