Home क्राइमचंदौली में कोचिंग क्लास के दौरान 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, आरोपी छात्र गिरफ्तार

चंदौली में कोचिंग क्लास के दौरान 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, आरोपी छात्र गिरफ्तार

by Kalpana Pandey
0 comments

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शुक्रवार सुबह एक कोचिंग क्लास के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में पढ़ाई के दौरान एक 10वीं कक्षा के छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान लवकुश यादव (16 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उत्कर्ष यादव (16 वर्ष) भी 10वीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि मैथ्स की क्लास चल रही थी, तभी पीछे बैठे उत्कर्ष ने आगे बैठे लवकुश पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल लवकुश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी छात्र को मौके से ही हिरासत में ले लिया।

वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर कॉलेज और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

You may also like

Leave a Comment