नई दिल्ली: राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो-2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेट्टेरी ओरपो से अलग-अलग द्विपक्षीय मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (INDIA-EU FTA) को भारत-यूरोप संबंधों में ‘स्वर्णिम युग’ की शुरुआत बताया।
प्रधानमंत्री मोदी और पेड्रो सांचेज के बीच हुई बैठक में रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। दोनों देशों ने वर्ष 2026 को भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और एआई वर्ष के रूप में मनाने पर सहमति जताई, जिससे लोगों के बीच संपर्क और शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हालिया भारत-ईयू समझौते से भारत-स्पेन आर्थिक साझेदारी को नई गति मिलेगी और दोनों देशों के नागरिकों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

वहीं पेट्टेरी ओरपो के साथ हुई विस्तृत बातचीत में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य पर सहमति बनी। 6जी तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा, बायोफ्यूल, सर्कुलर इकोनॉमी और डिजिटल नवाचार जैसे भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने भारत-ईयू एफटीए के समर्थन के लिए फिनलैंड के नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो-2026 वैश्विक तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप्स, शिक्षण संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है। इस आयोजन में 600 से अधिक स्टार्टअप्स, 13 देशों के पवेलियन और कई राष्ट्राध्यक्षों व मंत्रियों की भागीदारी भारत की उभरती एआई क्षमता और वैश्विक सहयोग की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।