मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित मोतीलाल नगर रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बृहद मास्टर प्लान का आधिकारिक अनावरण कर दिया है। यह प्रोजेक्ट देश का सबसे बड़ा पुनर्विकास प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जो मुंबई के शहरी विकास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

करीब 143 एकड़ में फैले इस विशाल प्रोजेक्ट को MHADA के मुंबई मंडल के माध्यम से विकसित किया जाएगा, जबकि इसके निर्माण और विकास की जिम्मेदारी अदाणी समूह को सौंपी गई है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य आधुनिक, सुव्यवस्थित और टिकाऊ शहरी ढांचा तैयार करना है, जिससे हजारों परिवारों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
प्रोजेक्ट के तहत 3702 पात्र निवासियों को करीब 1600 वर्ग फुट के आधुनिक फ्लैट मुफ्त दिए जाएंगे। इसके अलावा 328 पात्र व्यावसायिकों को लगभग 987 वर्ग फुट के नए व्यावसायिक गाले उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, करीब 1600 झोपड़ीवासियों को स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) योजना के तहत 300 वर्ग फुट के पक्के घर देने की योजना है।
इस पुनर्विकास योजना से न सिर्फ स्थानीय निवासियों को बेहतर आवास मिलेगा, बल्कि MHADA को भी बड़ी संख्या में नए घरों का स्टॉक प्राप्त होगा, जिससे मुंबई में आवास संकट को कम करने में मदद मिल सकती है।
सरकार और MHADA का मानना है कि यह प्रोजेक्ट मुंबई के इंफ्रास्ट्रक्चर और हाउसिंग सेक्टर के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना तय समयसीमा में कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से पूरी होती है।