आजमगढ़ जिले में गो-तस्करी के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख एक बार फिर देखने को मिला है। जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात गो-तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंभीरवन, बड़ैला ताल के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम गो-तस्करी की सूचना पर चेकिंग कर रही थी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान मोहीम अहमद (32 वर्ष), निवासी कोटिला कंकाली टोला, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहीम अहमद के खिलाफ गोवध व गौ-तस्करी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता सहित कुल आठ संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील कुमार (30 वर्ष), निवासी जलाईपुर ऊँचेगांव, थाना रानी की सराय, जिला आजमगढ़ को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन और एक पशु बरामद किया गया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि जिले में गो-तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ कर गो-तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।