उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव में आवारा कुत्तों ने सात साल की मासूम बच्ची को नोच-नोचकर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान दिलीप कश्यप की सात वर्षीय बेटी अंशिका सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश शुरू की गई तो घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में बच्ची का शव खून से लथपथ हालत में मिला। आशंका है कि आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला।

बताया जा रहा है कि अंशिका कक्षा एक की छात्रा थी और गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थी। बेटी का शव देखकर मां सोनी की चीख निकल गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़ा। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। घटना ने एक बार फिर शहर और ग्रामीण इलाकों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।