Home देशआतंकवाद नहीं रुका तो दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नामो-निशान मिट जाएगा, अनूपगढ़ से आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की कड़ी चेतावनी, ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के संकेत

आतंकवाद नहीं रुका तो दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नामो-निशान मिट जाएगा, अनूपगढ़ से आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की कड़ी चेतावनी, ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के संकेत

by Real Khabren
0 comments

भारत के आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान को अब तक की सबसे सख्त चेतावनी दी है। राजस्थान के सीमावर्ती इलाके अनूपगढ़ में एक आर्मी पोस्ट पर जवानों को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाई, तो उसका अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय सेना कोई संयम नहीं बरतेगी और जरूरत पड़ी तो ऐसा कदम उठाया जाएगा, जिससे पाकिस्तान का भूगोल तक मिट सकता है।

जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में करारी हार के बावजूद पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आतंकवाद को लगातार समर्थन देकर वह न सिर्फ भारत की सुरक्षा को चुनौती दे रहा है, बल्कि क्षेत्रीय शांति के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है। आर्मी चीफ ने संकेत दिए कि यदि हालात नहीं बदले, तो भारत की ओर से “ऑपरेशन सिंदूर 2.0” जैसे निर्णायक कदम उठाए जा सकते हैं।

आर्मी चीफ ने जवानों से हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय सेना किसी भी उकसावे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पाकिस्तान दुनिया के नक्शे में बने रहना चाहता है, तो उसे आतंकवाद को बढ़ावा देना तुरंत बंद करना होगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सैनिकों को ‘ऑल द बेस्ट’ कहते हुए आने वाले समय के लिए मानसिक और रणनीतिक रूप से तैयार रहने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि जनरल द्विवेदी का यह बयान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के हालिया खुलासे के बाद आया है। एयर चीफ मार्शल ने दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के अमेरिका में बने 4–5 फाइटर जेट मार गिराए थे। इसके साथ ही चीन निर्मित जेएफ-17 लड़ाकू विमान को भी भारतीय वायुसेना ने ध्वस्त किया था।

उल्लेखनीय है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। 7 मई को इस अभियान के तहत भारतीय सुरक्षाबलों ने लंबी दूरी की मिसाइलों के जरिए पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकियों के 9 ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया था। इस ऑपरेशन में आतंकवादी नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा और उनकी संरचनाएं ध्वस्त कर दी गईं।

भारतीय सेना ने साफ किया था कि ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सटीक और लक्ष्य आधारित था। किसी भी नागरिक ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। सेना प्रमुख ने बताया कि आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के पूरे सबूत भारत के पास मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर पूरी दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है।

10 मई को पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम की गुहार लगाए जाने के बाद भारत ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकी थी, लेकिन आर्मी चीफ के ताजा बयान से साफ है कि अब भारत आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। संदेश बिल्कुल स्पष्ट है आतंकवाद जारी रहा तो जवाब पहले से कहीं ज्यादा कठोर होगा।

You may also like

Leave a Comment