
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस और STF को बड़ी सफलता मिली है। बिहार का कुख्यात और 1 लाख 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह कार्रवाई सोमवार तड़के सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई।
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध बदमाशों से हो गया। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र का निवासी था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस प्रकार उस पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का इनाम था।
लल्लन सिंह के खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार उस पर सात हत्याओं का आरोप था। मृतकों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे।
वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूटने की घटना में भी वह वांछित था। इसके अलावा चंदौली में हुई लूट और फायरिंग की कई वारदातों में भी उसका नाम सामने आया था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस मुठभेड़ को बड़ी उपलब्धि मान रही है।