Home राज्यउत्तर प्रदेशगाजीपुर में कोडीन कफ सिरप रैकेट पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजे गए

गाजीपुर में कोडीन कफ सिरप रैकेट पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजे गए

by Kalpana Pandey
0 comments

गाजीपुर में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस की सख्ती और संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू होने के बाद दो आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

विशेष लोक अभियोजक (NDPS) रत्नाकर दुबे के अनुसार, आरोपी राहुल यादव और दयाराम सिंह ने एडीजे प्रथम की अदालत में सरेंडर किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है और पुलिस द्वारा कुर्की की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव और संपत्ति कुर्की के डर से आरोपियों ने कोर्ट का रुख किया। इस मामले में सदर कोतवाली में कुल छह मेडिकल फर्मों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जो कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध लेन-देन में शामिल पाई गईं।

इससे पहले मामले में एक आरोपी सर्वांश वर्मा की गिरफ्तारी हो चुकी है और वह जेल में बंद है। वहीं, दो आरोपियों के सरेंडर के बाद अब तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की नोटिस चस्पा कर दी गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास कफ सिरप की खरीद-बिक्री का कोई वैध रिकॉर्ड नहीं था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह संगठित नशा कारोबार का हिस्सा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

You may also like

Leave a Comment