
राजकोट:
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-1452 की गुजरात के राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के कार्गो होल्ड में स्मोक (धुआं) अलर्ट मिलने के बाद पायलट ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाया।
एयरलाइन के अनुसार, पायलट ने ‘मेडे (Mayday)’ घोषित करते हुए विमान को मुंबई की बजाय राजकोट डायवर्ट करने का निर्णय लिया। इसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
फ्लाइट में 194 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी कार्गो होल्ड में स्मोक अलर्ट के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।