
मुंबई:
मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) के जवानों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। चर्चगेट–बोरीवली स्लो लोकल के रवाना होते ही एक युवक ने ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने समय रहते उसकी जान बचा ली।
घटना 30 जुलाई की रात प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुई। आरपीएफ की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी एक अज्ञात युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर लेट गया और चलती ट्रेन के फुटबोर्ड के नीचे सिर डालने की कोशिश करने लगा।
मौके पर मौजूद एएसआई पठाण, चव्हाण, हेड कॉन्स्टेबल रुपणावर और कॉन्स्टेबल तापोळे ने बिना समय गंवाए युवक के पैर पकड़कर उसे बाहर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से युवक सुरक्षित बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
बचाव के बाद पूछताछ में युवक ने अपना नाम और पता बताने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर आरपीएफ जवानों की सतर्कता, साहस और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश की।