मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इजराइल ने सोमवार तड़के लेबनान की राजधानी बेरूत पर लगातार हवाई हमले किए। ये हमले ऐसे समय में हुए जब लेबनानी संगठन हिजबुल्ला ने सीमा पार इजराइल की ओर मिसाइल दागने की जिम्मेदारी ली।
इजराइली सेना के मुताबिक, सीमा पार से दागी गई एक मिसाइल को वायु रक्षा प्रणाली ने हवा में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कई अन्य मिसाइलें खुले इलाकों में गिरीं। सेना ने दावा किया है कि इन हमलों में फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
हालांकि, हालात की गंभीरता को देखते हुए इजराइल ने लेबनान के लगभग 50 गांवों के निवासियों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का आग्रह किया है। इस कदम को संभावित बड़े सैन्य अभियान की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

हिजबुल्ला ने अपने बयान में कहा है कि ये हमले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और इजराइल की “बार-बार आक्रामक कार्रवाइयों” के जवाब में किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि एक वर्ष से अधिक समय बाद यह पहला मौका है जब हिजबुल्ला ने खुले तौर पर इजराइल पर हमले की जिम्मेदारी ली है।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि दोनों पक्षों के बीच जवाबी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा, तो यह संघर्ष व्यापक क्षेत्रीय टकराव का रूप ले सकता है। फिलहाल, बेरूत और उत्तरी इजराइल में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है और आगे की घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।