Home राज्यमहाराष्ट्रमंत्रालय में रिश्वत कांड पर सियासत तेज, कांग्रेस ने मंत्री नरहरी झिरवळ के इस्तीफे की मांग की

मंत्रालय में रिश्वत कांड पर सियासत तेज, कांग्रेस ने मंत्री नरहरी झिरवळ के इस्तीफे की मांग की

by Real Khabren
0 comments

मुंबई में मंत्रालय से जुड़े कथित रिश्वत प्रकरण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्य के खाद्य एवं औषध प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवळ के कार्यालय के एक कर्मचारी को मंत्रालय परिसर में कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद लाचलुचपत विभाग ने मंत्री कार्यालय को सील कर दिया। इस घटना के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।
हर्षवर्धन सपकाळ ने इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इससे भाजपा महायुती सरकार की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए मंत्री नरहरी झिरवळ को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जनता के प्रति जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सचिवालय का नाम बदलकर मंत्रालय रखा गया था, ताकि लोगों को सरकार अपनेपन का अहसास कराए। लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में मंत्रालय की छवि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिर गई है।
सपकाळ ने दावा किया कि गिरफ्तार कर्मचारी ने कथित तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रिश्वत लेने की बात जांच अधिकारियों को बताई है। उन्होंने कहा कि यदि यह जानकारी सही है तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है और मंत्री सहित उनके कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की गहन जांच जरूरी है।


मंत्री नरहरी झिरवळ की ओर से यह कहा गया है कि यदि जांच में उनका सीधा संबंध पाया गया तो वे इस्तीफा दे देंगे। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर, जब उनके कार्यालय में खुलेआम रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है, तो निष्पक्ष जांच के हित में उन्हें तत्काल मंत्री पद छोड़ देना चाहिए।
अब इस पूरे मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई और सरकार की अगली रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

You may also like

Leave a Comment