मुंबई:महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को धार देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने मंगलवार को पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने 12 उपाध्यक्ष, 6 प्रदेश महासचिव, 12 सचिव, कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, मुख्य प्रवक्ता और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्तियों का ऐलान किया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राजेश पांडे, मुख्यालय प्रभारी रविंद्र अनासपुरे और मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुराने और नए, दोनों ही निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि यह कार्यकारिणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबीन, केंद्रीय संगठन मंत्री बी. एल. संतोष तथा सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद गठित की गई है।
रविंद्र चव्हाण ने यह भी कहा कि लगातार लागू रही चुनाव आचार संहिता के कारण कार्यकारिणी की घोषणा में देरी हुई थी। अब चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नई टीम का गठन किया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में अतुल काळसेकर, भारती पवार, संजय कोडगे, संजय भेंडे, रामदास तडस, केशव उपाध्ये, प्रवीण पोटे, गोपीचंद पडळकर, चैतन्यबापू देशमुख, प्रिया शिंदे, सुजय विखे पाटील और अर्चना पाटील चाकुरकर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं प्रदेश महासचिव के तौर पर निरंजन डावखरे, योगेश सागर, संजय कुटे, माधवी नाईक, राजेश पांडे और सुनील राणे को नियुक्त किया गया है।
मुख्य प्रवक्ता के रूप में नवनाथ बन को जिम्मेदारी दी गई है।
माना जा रहा है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए भाजपा ने संगठन में यह व्यापक बदलाव कर रणनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। नई टीम से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।