
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के मुंबई फायर ब्रिगेड ने बढ़ती गर्मी के बीच शहरवासियों को आग से सतर्क रहने की अहम चेतावनी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, गर्मी में पंखे, कूलर, एसी और फ्रिज जैसे उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए घरों और दफ्तरों की वायरिंग, स्विच बोर्ड और प्लग पॉइंट्स की नियमित जांच जरूरी है और एक ही प्लग में कई उपकरण जोड़ने से बचना चाहिए।
फायर ब्रिगेड ने सूखी पत्तियां या कचरा न जलाने, एलपीजी सिलेंडर और पाइप की समय-समय पर जांच कराने की भी सलाह दी है। साथ ही हर इमारत में फायर सेफ्टी उपकरण दुरुस्त रखें और इमरजेंसी एग्जिट हमेशा खाली रखें।
नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि वाहन निर्धारित स्थान पर पार्क करें, ताकि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रास्ता मिल सके। आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत 101 या 022-23001390 / 23001393 पर संपर्क करें।
फायर ब्रिगेड का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता से बड़े हादसों को आसानी से टाला जा सकता है।