रिपब्लिकन पार्टी की ओर से झारखंड राज्य में संगठन को मजबूत करने और राज्य के विकास का संदेश देने के उद्देश्य से आज रांची में झारखंड नवनिर्माण रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले शामिल हुए।
रामदास आठवले के रांची पहुंचने पर धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा मैदान में रिपब्लिकन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने झांझर बजाकर आदिवासी संस्कृति के प्रति अपना सम्मान भी व्यक्त किया, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तालियों के साथ सराहा।

रैली को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी झारखंड के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
झारखंड नवनिर्माण रैली के जरिए रिपब्लिकन पार्टी ने राज्य की राजनीति में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई और आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का संकेत दिया।