उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सीएम युवा योजना के तहत अब प्रदेश के युवा नौकरी की तलाश के बजाय अपना खुद का कारोबार शुरू कर सकेंगे। इस योजना के अंतर्गत सरकार युवाओं को 5 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक का लोन, वह भी बिना ब्याज और बिना किसी गारंटी के उपलब्ध करा रही है।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है। यही वजह है कि इस योजना में लोन की शर्तें बेहद आसान रखी गई हैं। इतना ही नहीं, सरकार जरूरत के अनुसार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराएगी, ताकि वे अपने बिजनेस को बेहतर तरीके से चला सकें।

सीएम युवा योजना के तहत 21 से 40 वर्ष की उम्र के उत्तर प्रदेश के निवासी युवा आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। साथ ही आवेदक का उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत किसी न किसी प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ा होना जरूरी है। योजना का लाभ वही युवा उठा सकेंगे, जिन्होंने पहले किसी केंद्र या राज्य सरकार की ब्याज या पूंजी सब्सिडी योजना का लाभ न लिया हो।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक युवा यूपी युवा साथी पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर आवेदन पूरा कर सकते हैं।
सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में 1.50 लाख युवाओं को लोन देने का लक्ष्य तय किया है। साफ है कि सीएम युवा योजना आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार नहीं, बल्कि स्वरोजगार की नई पहचान बनने जा रही है।