
रितेश देशमुख स्टारर ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 13वें दिन फिल्म ने बड़ा मुकाम हासिल करते हुए अपनी पूरी लागत वसूल कर ली है। 75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का कुल कलेक्शन अब 75 करोड़ 5 लाख रुपये तक पहुंच चुका है।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे बुधवार यानी 13वें दिन फिल्म ने करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की कमाई की। इससे पहले पहले हफ्ते में फिल्म ने 52 करोड़ 65 लाख रुपये का कारोबार किया था। वहीं दूसरे हफ्ते में भी फिल्म लगातार करोड़ों में कमाई कर रही है।
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और संघर्ष पर आधारित इस फिल्म को खासतौर पर महाराष्ट्र में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में रितेश देशमुख ने शिवाजी महाराज का किरदार निभाया है, जबकि संजय दत्त अफजल खान के रोल में नजर आए हैं। अभिषेक बच्चन, जेनेलिया देशमुख और सलमान खान के कैमियो को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर मुनाफे की ओर बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।