नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद आजमगढ़ में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए बड़े स्तर पर ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित इस अभ्यास के दौरान निर्धारित समय पर चेतावनी सायरन बजते ही पूरे क्षेत्र की लाइटें बंद कर दी गईं और आपात स्थिति का वास्तविक माहौल तैयार किया गया। इसका उद्देश्य युद्ध, हवाई हमले या किसी भी बड़ी आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी प्रतिक्रिया की क्षमता का आकलन करना रहा।
शाम करीब 6 बजे ऊंची-नीची चेतावनी सायरन के साथ ही पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। अंधेरे की स्थिति में पुलिसकर्मियों ने गश्त, सुरक्षा घेरा, संचार व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों की निगरानी का अभ्यास किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों को नोट किया। आम नागरिकों द्वारा भी वैकल्पिक प्रकाश स्रोतों को बंद कर सहयोग किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले के परिदृश्य को दर्शाया गया, जिसमें बड़े और छोटे भवनों में आग लगने की स्थिति बनाई गई। अग्निशमन विभाग ने दमकल वाहनों और अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्र, एनसीसी, एनएसएस, नागरिक सुरक्षा कोर और नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर्स ने घायलों के राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने और प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित शेल्टर होम तक पहुंचाने की कार्रवाई की।
अभ्यास के दौरान नागरिकों को हवाई हमले और आपात परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसकी भी जानकारी दी गई। ऊंची और लंबी सायरन के साथ ब्लैकआउट मॉकड्रिल की कार्रवाई पूर्ण की गई। इस अभ्यास में विद्युत, नगर विकास, स्वास्थ्य, अग्निशमन सहित आपदा से जुड़े सभी विभागों ने सहभागिता निभाई।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉकड्रिल का उद्देश्य किसी भी प्राकृतिक आपदा, युद्ध जैसी स्थिति या बड़े हादसे के समय प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। नियमित अभ्यास से कार्यकुशलता बढ़ती है और आपात स्थिति में जनहानि को न्यूनतम किया जा सकता है।
मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, सीओ सदर आस्था जायसवाल, अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।