Home स्पोर्ट्सक्रिकेटटी20 वर्ल्ड कप के बीच रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, स्टेज-4 लिवर कैंसर से पिता का निधन

टी20 वर्ल्ड कप के बीच रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, स्टेज-4 लिवर कैंसर से पिता का निधन

by Suhani Sharma
0 comments

टी20 वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद्र सिंह का स्टेज-4 लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। इस खबर से क्रिकेट जगत और रिंकू के प्रशंसकों में शोक की लहर है।


जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह के पिता पिछले कुछ समय से लिवर कैंसर के चौथे चरण से जूझ रहे थे। हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल-ओमेगा-1 में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वह क्रिटिकल केयर यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और 27 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप के बीच टीम कैंप से निकलकर चेन्नई से दिल्ली पहुंचे थे और परिवार के साथ समय बिताया। हालांकि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले के लिए दोबारा टीम से जुड़ गए थे, लेकिन पारिवारिक शोक के चलते उन्हें अंतिम एकादश में मौका नहीं मिला।


रिंकू सिंह के लिए यह समय व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर बेहद कठिन माना जा रहा है। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में उन्हें बल्लेबाजी क्रम में नीचे होने की वजह से सीमित अवसर मिले। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तेज 11 रन की पारी खेली थी, जबकि अन्य मुकाबलों में बड़ा योगदान देने का मौका नहीं मिल सका।


अब पिता के निधन के बाद उनके आगामी मैचों में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। टीम मैनेजमेंट की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। फिलहाल, पूरा क्रिकेट जगत रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।

You may also like

Leave a Comment