Home mumbaiमुंबई में महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों की मांग तेज, महिला बचत समूहों को संचालन देने का प्रस्ताव

मुंबई में महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों की मांग तेज, महिला बचत समूहों को संचालन देने का प्रस्ताव

by Suhani Sharma
0 comments
मुंबई में महिलाओं के लिए स्वच्छ

मुंबई :मुंबई शहर में महिलाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुसज्ज सार्वजनिक शौचालयों की कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। मंडल अध्यक्ष और पूर्व शिक्षा समिति सदस्य प्रा. आरती पुंगावकर-खुळे ने इस मुद्दे पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका की महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित कई सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशनों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं को अस्वच्छता, पानी की कमी, अपर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के अभाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण किया जाए। साथ ही रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं के लिए अलग, स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालयों का निर्माण और मरम्मत की जाए।
इसके अलावा, इन शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय महिला बचत समूहों को सौंपने का भी प्रस्ताव रखा गया है। उनका कहना है कि इससे एक ओर जहां महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं स्वच्छता और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।
साथ ही नियमित निरीक्षण और रखरखाव के लिए एक स्वतंत्र तंत्र नियुक्त करने की मांग भी की गई है, ताकि व्यवस्थाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हों।

प्रा. पुंगावकर-खुळे ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा यह मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशासन को इस पर तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।
“स्वच्छ मुंबई” की अवधारणा को साकार करने के लिए महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता समय की मांग है।

You may also like

Leave a Comment