Home राज्यउत्तर प्रदेशमुण्डेरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, इनवर्टर बैटरी और खिलौना पिस्टल बरामद

मुण्डेरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, इनवर्टर बैटरी और खिलौना पिस्टल बरामद

by Suhani Sharma
0 comments

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। मुण्डेरवा थाना पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की इनवर्टर बैटरी और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक 25 फरवरी को एक दुकानदार ने थाना मुण्डेरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान से इनवर्टर, कपड़े और कॉस्मेटिक का सामान चोरी हो गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि जब उसने इस संबंध में पूछताछ की तो आरोपी रोहित चौधरी ने पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 43/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार को ग्राम खमोखर के पास दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मोहित चौधरी, राजू उर्फ राजा चौधरी और रोहित चौधरी निवासी ग्राम खमोखर थाना मुण्डेरवा के रूप में हुई है।


पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर इचड़वा पुल के पास से चोरी हुई इनवर्टर की बैटरी बरामद की गई। वहीं जांच में यह भी सामने आया कि धमकी देने के लिए जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, वह असल में प्लास्टिक की खिलौना पिस्टल थी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक जावेद खान, उपनिरीक्षक गिरीशचंद्र यादव, कांस्टेबल कामोद कुशवाहा और कांस्टेबल भगवान दयाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like

Leave a Comment