ईस्ट मुंबई में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आने वाले महीने राहत लेकर आने वाले हैं। मुंबई मेट्रो लाइन 2B पर स्थित चेंबूर मेट्रो स्टेशन को अप्रैल 2026 में यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। यह स्टेशन अंधेरी वेस्ट के डीएन नगर से मानखुर्द ईस्ट के मंडला स्टेशन तक बनने वाली येलो लाइन का अहम हिस्सा होगा।
फिलहाल ईस्ट मुंबईकरों को शिव–पनवेल हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है, जिससे रोज़मर्रा की आवाजाही में काफी समय बर्बाद होता है। मेट्रो लाइन 2B शुरू होने के बाद ईस्ट–वेस्ट कनेक्टिविटी बेहतर होगी और सड़क यातायात पर दबाव कम होने की उम्मीद है।

मुंबई मेट्रो लाइन 2B की कुल लंबाई 23.64 किलोमीटर है और इस पर 20 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस लाइन को तीन चरणों में शुरू किया जाएगा। पहले चरण में डायमंड गार्डन से मंडला तक मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी, जिसमें चेंबूर स्टेशन अंतिम और अहम कड़ी होगा।
चेंबूर मेट्रो स्टेशन से यात्रियों को मोनोरेल की डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं बांद्रा, कुर्ला और मानखुर्द जैसे प्रमुख स्टेशनों से मुंबई लोकल ट्रेन से जुड़ना आसान होगा। इसके अलावा डीएन नगर पर मेट्रो लाइन 1 और 2A तथा बीकेसी क्षेत्र में मेट्रो लाइन 3 से सीधा इंटरचेंज मिलने से पूरे मुंबई मेट्रो नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

मेट्रो 2B के पहले चरण के लिए सेफ्टी सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार पूरी मेट्रो लाइन 2026 से 2027 के बीच चरणबद्ध तरीके से यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इसके शुरू होने से ईस्ट मुंबई के साथ-साथ पूरे शहर की यात्रा तेज, सुगम और समय बचाने वाली होने की उम्मीद है।