Home राज्यउत्तर प्रदेशएनएच-28 पर फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी, बस्ती पुलिस ने अंतर्राजीय साइबर ठग गिरोह का किया भंडाफोड़

एनएच-28 पर फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी, बस्ती पुलिस ने अंतर्राजीय साइबर ठग गिरोह का किया भंडाफोड़

by Suhani Sharma
0 comments

बस्ती (उत्तर प्रदेश):
बस्ती से बड़ी खबर सामने आई है। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतर्राजीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। एनएच-28 फोरलेन पर सुबह करीब 7 बजे फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पूरे मामले का खुलासा सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने किया।
सीओ सदर ने बताया कि यह संगठित साइबर गिरोह Bajaj Finserv और विभिन्न सरकारी योजनाओं के नाम पर भोले-भाले लोगों को लोन दिलाने का झांसा देता था। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, बीमा शुल्क और अन्य बहानों से लोगों से पैसे ठगे जाते थे।


जांच में सामने आया है कि गिरोह गरीब और जरूरतमंद लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में इस्तेमाल करता था। खाताधारकों के एटीएम कार्ड और पासबुक अपने कब्जे में रखकर उन्हीं खातों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 09 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, 08 सिम कार्ड और 03 फर्जी आईडी के साथ बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेटवर्क बिहार और हरियाणा तक फैला हुआ था और लंबे समय से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। यह कार्रवाई साइबर थाना प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी और साइबर स्वाट प्रभारी रितेश सिंह के नेतृत्व में की गई।
सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने कहा कि होली से पहले साइबर अपराधियों के खिलाफ यह बड़ी सफलता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment