बलिया से बड़ी खबर सामने आई है। 14 फरवरी को शराब ठेके के पास हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। जैसे ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें घेर लिया। घिरा देख दोनों बदमाशों ने पुलिस और एसओजी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सुंदरम सिंह उर्फ सत्या सिंह और राज सिंह उर्फ राजा सिंह को पैर में गोली मारकर घायल किया।

इसी बीच दो और बाइक सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अनुज सिंह निवासी बड़ी पकवल, थाना सराय लखंसी, मऊ और अजय खरवार निवासी चकिया, थाना रानीपुर, मऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बदमाशों के पास से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा जिंदा कारतूस 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 303 बोर, दो बाइक और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया।
एडिशनल एसपी दिनेश शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है।