Home राज्यउत्तराखंडमहाशिवरात्रि पर बड़ा ऐलान: 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, 23 अप्रैल से बद्रीनाथ में दर्शन

महाशिवरात्रि पर बड़ा ऐलान: 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, 23 अप्रैल से बद्रीनाथ में दर्शन

by Suhani Sharma
0 comments
महाशिवरात्रि पर बड़ा ऐलान: 22 अप्रैल

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा निर्णय सामने आया है। उत्तराखंड के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ मंदिर के कपाट आगामी 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे वृष लग्न में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि की घोषणा ऊखीमठ स्थित शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विधिवत पंचांग गणना के बाद की गई।
महाशिवरात्रि पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में रावल भीमाशंकर लिंग सहित तीर्थ पुरोहितों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में तिथि घोषित की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री केदार’ के जयघोष के साथ दर्शन किए।

कपाट खुलने की तिथि के साथ ही बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली के केदारनाथ धाम प्रस्थान का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है। 18 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना के बाद 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए रवाना होगी। 20 अप्रैल को गौरीकुंड में दूसरा पड़ाव होगा और 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे विधिवत कपाटोद्घाटन होगा।
इसी क्रम में बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने यात्रा तैयारियों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। समिति के अनुसार चारधाम यात्रा आस्था, परंपरा और स्थानीय आजीविका का समन्वित स्वरूप है, इसलिए व्यवस्थाओं को सुचारु और सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंदिर समिति के अधिकारियों ने बताया कि कार्यालयों, विश्राम गृहों और यात्रा मार्गों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर है। 22 अप्रैल से केदारनाथ और 23 अप्रैल से बद्रीनाथ में दर्शन शुरू होने के साथ ही उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा विधिवत आरंभ हो जाएगी।

You may also like

Leave a Comment