Home राज्यउत्तर प्रदेशलोनी में मुठभेड़: यूट्यूबर सलीम पर हमले का मुख्य आरोपी जीशान सैफी ढेर, साजिश के एंगल की जांच तेज

लोनी में मुठभेड़: यूट्यूबर सलीम पर हमले का मुख्य आरोपी जीशान सैफी ढेर, साजिश के एंगल की जांच तेज

by Suhani Sharma
0 comments

गाजियाबाद के लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी जीशान सैफी को मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात निठौरा अंडरपास के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 मिनट तक चली जवाबी कार्रवाई में जीशान के सीने में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल जीशान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मरने से पहले उसने यूट्यूबर सलीम पर हमले में शामिल होने की बात कबूली। मौके से .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की गई है।


बताया जा रहा है कि 27 फरवरी की सुबह सलीम पर उनके लोनी स्थित ऑफिस में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। हमलावर हेलमेट पहनकर आए थे और ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हो गए थे। सलीम को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनके शरीर पर कई गंभीर घाव बताए जा रहे हैं।
परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कुछ स्थानीय लोगों को नामजद करते हुए साजिश का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी जीशान धार्मिक विचारों को लेकर कट्टर सोच रखता था और सोशल मीडिया पर सक्रिय था।
घटना के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती के संकेत भी दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि फरार साथी की तलाश जारी है और मामले से जुड़े हर एंगल की गहन जांच की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment