Home वेब स्टोरीजRJD में फिर पारिवारिक घमासान, रोहिणी आचार्य का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

RJD में फिर पारिवारिक घमासान, रोहिणी आचार्य का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

by Real Khabren
0 comments
RJD में फिर पारिवारिक घमासान, रोहिणी

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनता दल के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर बिना नाम लिए अपने भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी के इस बयान से साफ है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व और फैसलों को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है।

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि लालू जी और पार्टी के लिए किसने क्या किया है, यह हालिया लोकसभा और विधानसभा चुनाव के नतीजों से साफ हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई, उनके साथ उनके “आयातित गुरु” और उनके गुर्गों ने पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के दशकों के संघर्ष को नजरअंदाज कर आरजेडी को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया।

रोहिणी ने आगे कहा कि पार्टी के भीतर सवाल पहले भी उठे थे, आज भी उठ रहे हैं और आगे भी उठते रहेंगे। उन्होंने नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि अगर नैतिक साहस है तो खुले मंच पर इन सवालों का सामना किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि समीक्षा के नाम पर किए गए दिखावे का क्या नतीजा निकला और समीक्षा रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई…

अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि लालू यादव को नजरअंदाज कर चंद लोगों को पार्टी का सर्वेसर्वा बना दिया गया.. उन्होंने पूछा कि ऐसे लोगों ने पार्टी के लिए आखिर किया क्या है और जिन पर समीक्षा रिपोर्ट में सवाल उठे, उन पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई…

रोहिणी के इस बयान से आरजेडी में चल रही पारिवारिक और राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस खुली नाराजगी और सवालों का किस तरह जवाब देता है।

You may also like

Leave a Comment