Home वेब स्टोरीजU19 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम पर इनामों की बरसात, BCCI ने 7.5 करोड़ रुपये की प्राइज मनी का किया ऐलान

U19 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम पर इनामों की बरसात, BCCI ने 7.5 करोड़ रुपये की प्राइज मनी का किया ऐलान

by Real Khabren
0 comments

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने अपने युवा चैंपियनों को बड़ा तोहफा दिया है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के लिए बीसीसीआई ने कुल 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया है। यह इनाम खिलाड़ियों के साथ-साथ सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति को भी दिया जाएगा।


फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। इस जीत के नायक बने महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 15 छक्के और 15 चौके शामिल रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ दोनों अवॉर्ड से नवाजा गया।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने ANI के हवाले से बताया कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में विजेता भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच इनामी राशि के बंटवारे की प्रक्रिया तय की जा रही है, लेकिन कुल इनाम की राशि 7.5 करोड़ रुपये ही रहेगी।
गौरतलब है कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद ICC की ओर से टीम इंडिया को कोई नकद इनाम नहीं मिला। ICC इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के विकास से जोड़कर देखता है, इसी वजह से यहां सिर्फ मेडल दिए जाते हैं। हालांकि, दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड में शामिल BCCI ने यह साफ कर दिया है कि देश के उभरते सितारों की मेहनत और ऐतिहासिक उपलब्धि का सम्मान करना उसकी प्राथमिकता है।

अंडर-19 टीम की यह जीत भारतीय क्रिकेट के भविष्य को और मजबूत करती नजर आ रही है, वहीं बीसीसीआई का यह इनाम युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मनोबल साबित होगा।

You may also like

Leave a Comment