उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को बम से विस्फोट की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमा तुरंत हरकत में आ गया और पूरे कोर्ट कैंपस को एहतियातन खाली करा लिया गया…
मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात स्रोत से दीवानी कचहरी में बम रखे जाने और विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही जिले के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया…
एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर में मौजूद सभी अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा कारणों से कोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वार तत्काल बंद कर दिए गए तथा आम लोगों के अंदर आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई..
इसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी करते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया.. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने एक-एक कमरे और कोने की गहन जांच की..

साथ ही न्यायालय के आसपास के क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है..
बम की धमकी की सूचना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी देने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।