नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले चार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पटियाला हाउस कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। कोर्ट ने यह फैसला दिल्ली पुलिस की उस दलील के बाद दिया, जिसमें कहा गया कि प्रदर्शन के दौरान देश विरोधी नारे लगाए गए और मामले की गहन जांच के लिए आरोपियों से पूछताछ जरूरी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिहार यूथ कांग्रेस के नेशनल सेक्रेटरी कृष्ण हरि, बिहार स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नेता नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस ने कोर्ट में कहा कि आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद करने और विरोध प्रदर्शन की कथित साजिश, फंडिंग स्रोत और टी-शर्ट की छपाई से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए कस्टडी जरूरी है।

वहीं बचाव पक्ष के वकील ने पुलिस की मांग का विरोध करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार के तहत शांतिपूर्ण तरीके से किया गया था। वकील का कहना था कि राजनीतिक संगठन से जुड़े युवाओं की गिरफ्तारी से लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल उठता है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।