संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित मंगलम मैरेज हॉल में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जनपद–एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत संचालित 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रविवार को प्रशिक्षण के तीसरे दिन नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के अध्यक्ष जगत जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का प्रेरक संदेश दिया।
अपने संबोधन में जगत जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में ODOP योजना एक मजबूत आधार बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं सिलाई जैसे कौशल में दक्षता हासिल कर अपने उत्पाद स्वयं तैयार कर सकती हैं। इन उत्पादों को स्थानीय बाजारों में, विशेषकर बगल के बर्दिया बाजार में बेचकर महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि वे स्वावलंबी बनकर समाज में सशक्त भूमिका निभा सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान “स्थानीय शिल्प, वैश्विक पहचान” के संकल्प को दोहराते हुए वक्ताओं ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार पारंपरिक कला और शिल्प को संरक्षण देने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है। प्रशिक्षणार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई।
इस अवसर पर जिला समन्वयक यूपीकोन संजय चंद्रा, दिलीप गुप्ता, डिघा वार्ड के सभासद पद के प्रत्याशी निहाल गुप्ता (रवि), विशाल गुप्ता, पंकज कुमार पांडेय (सहायक प्रबंधक), विशाल श्रीवास्तव (उद्यमी मित्र), जितेंद्र कुमार (कनिष्ठ सहायक) सहित लगभग 100 प्रशिक्षु महिलाएं उपस्थित रहीं।